हल्द्वानी मानपुर उत्तर हत्याकांड का खुलासा, 12 घंटे में पिता-पुत्र गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में नैनीताल पुलिस ने मानपुर उत्तर क्षेत्र में हुई जघन्य हत्या का त्वरित खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी और उसके पुत्र को 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त असलहे भी बरामद कर लिए हैं।
दिनांक 04 जनवरी 2026 की रात्रि को कोतवाली हल्द्वानी क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नंबर-55 मानपुर उत्तर में गोली मारकर हत्या की घटना सामने आई थी। इस संबंध में वादी पीयूष लोहनी की तहरीर पर नामजद अभियुक्त अमित बिष्ट के विरुद्ध एफआईआर संख्या 07/2026, धारा 103(1), 352 बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल ने तत्काल अनावरण के निर्देश दिए। एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल के मार्गदर्शन और एएसपी/सीओ दीपशिखा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए, वहीं सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए।
पुलिस ने मात्र 4 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी अमित बिष्ट को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी दोनाली बंदूक बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी के पुत्र जय बिष्ट (19 वर्ष) की भूमिका सामने आने पर मुकदमे में धारा 3(5) बीएनएस व धारा 27 आर्म्स एक्ट की बढ़ोत्तरी की गई।
इसके बाद दिनांक 05 जनवरी 2026 को जय बिष्ट को बरेली रोड स्थित होंडा शोरूम तिराहे से गिरफ्तार किया गया। उसकी तलाशी में एक पिस्टल व 4 जिंदा कारतूस (.25 बोर) बरामद हुए। यह असलहा बिना लाइसेंस रखने पर उसके विरुद्ध अलग से एफआईआर संख्या 08/2026, धारा 30 आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना का कारण
पूछताछ में आरोपी ने पूर्व आपसी विवाद को हत्या का कारण बताया है।
दोनों अभियुक्तों को बरामद असलहों सहित 06 जनवरी 2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।